Bageshwar By Poll Result: बागेश्वर उपचुनाव में BJP ने मारी बाजी, पार्वती दास ने कांग्रेस के बसंत कुमार को हराया

Friday, Sep 08, 2023 - 02:18 PM (IST)

देहरादून: उत्तराखंड में बागेश्वर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव के लिए मतगणना खत्म हो गई है। उपचुनाव में भाजपा ने बड़ी जीत हासिल की है। मतगणना के 14वें एवं अंतिम राउंड में भाजपा प्रत्याशी को 33247 नोट मिले हैं जबकि कांग्रेस के बसंत कुमार ने 30842 मत हासिल किए हैं। भाजपा प्रत्याशी पार्वती दास पहले चरण में पिछड़ गई थी लेकिन उसके बाद से लगातार बढ़त बनाए हुए हैं। पार्वती दास को पहले चरण में 2191 जबकि कांग्रेस के बसंत कुमार को 2945 मत मिले थे।

55.44 फीसदी हुआ था मतदान
बता दें कि कुमाऊं मंडल की इस सीट पर उपचुनाव पांच सितंबर को हुए थे, जिसमें 55.44 फीसदी मतदान हुआ था। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मंत्रिमंडल में परिवहन मंत्री रहे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक चंदन राम दास का इस वर्ष अप्रैल में बीमारी से निधन हो जाने के कारण इस रिक्त सीट पर उपचुनाव कराया गया। उपचुनाव में कुल पांच प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं लेकिन मुख्य मुकाबला सत्ताधारी दल भाजपा और विपक्षी पार्टी कांग्रेस के बीच है। 



भाजपा ने दास की पत्नी पार्वती दास को चुनाव मैदान में उतारा जबकि कांग्रेस ने उनके विरूद्ध बसंत कुमार को टिकट दिया। कुमार ने 2022 में पिछला विधानसभा चुनाव आम आदमी पार्टी (आप) के टिकट पर लड़ा था और उपचुनाव से ऐन पहले आप का साथ छोड़कर कांग्रेस का दामन थामा। भाजपा और कांग्रेस के अलावा, समाजवादी पार्टी, उत्तराखंड क्रांति दल और उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी ने भी अपने प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतारे थे। 

Ramanjot

Advertising