Lok Sabha Elections: उत्तराखंड में BJP के बलूनी, त्रिवेंद्र व शाह ने दाखिल किया नामांकन पत्र

Wednesday, Mar 27, 2024 - 04:00 PM (IST)

 

देहरादूनः उत्तरखंड में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लोकसभा प्रत्याशियों-माला राज्यलक्ष्मी शाह, अनिल बलूनी और त्रिवेंद्र सिंह रावत ने मंगलवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। टिहरी-गढ़वाल लोकसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार जोत सिंह गुनसोला ने भी अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।

टिहरी-गढ़वाल सीट से भाजपा प्रत्याशी शाह ने नामांकन पत्र दाखिल करने से पहले यहां रोडशो किया, जिसमें मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने हिस्सा लिया। पौड़ी गढ़वाल से बलूनी ने केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और पूर्व मुख्यमंत्री एवं इस सीट से वर्तमान सांसद तीरथ सिंह रावत की उपस्थिति में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने 22 मार्च को हरिद्वार सीट से ऑनलाइन अपना नामांकन पत्र दाखिल किया था। उन्होंने मंगलवार को ‘ऑफलाइन' नामांकन पत्र दाखिल किया।

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, राज्यसभा सदस्य नरेश बंसल, विधायक उमेश शर्मा काउ, खजान दास और कई अन्य नेताओं ने भी राज्यलक्ष्मी शाह के रोडशो में हिस्सा लिया। उन्होंने नामांकन पत्र दाखिल करने से पहले भाजपा के महानगर कार्यालय से गांधी रोड तक रोड शो किया। माला राज्यलक्ष्मी शाह 2012 के लोकसभा उपचुनाव से ही टिहरी-गढ़वाल सीट का प्रतिनिधित्व कर रही हैं। उत्तराखंड में लोकसभा की पांच सीट के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 27 मार्च है। इन सीट पर पहले चरण में 19 अप्रैल को मतदान होगा।

Nitika

Advertising