Chardham Yatra: गंगोत्री, यमुनोत्री धाम के करीब 6000 तीर्थयात्रियों ने आज मध्याह्न तक किए दर्शन

punjabkesari.in Monday, May 20, 2024 - 04:21 PM (IST)

 

देहरादूनः उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में स्थित गंगोत्री एवं यमुनोत्री धाम में तीर्थयात्रियों का आवागमन सुव्यस्थित एवं सुचारू ढंग से जारी है। सोमवार मध्याह्न 12 बजे तक गंगोत्री धाम में 6000 तथा यमुनोत्री धाम में भी लगभग 6000 तीर्थयात्री दर्शन कर चुके थे।

जानकारी के अनुसार, इस समय तक गंगोत्री धाम में लगभग 6750 तथा यमुनोत्री धाम के पैदल मार्ग पर लगभग 6000 श्रद्धालुजन मौजूद हैं। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए प्रशासन ने यात्री सुविधाओं को चाक-चौबंद बनाए रखने तथा अतिरिक्त सुविधाओं को जुटाने में निरंतर जुटा हुआ है। उत्तरकाशी के जिलाधिकारी डॉ. मेहरबान सिंह बिष्ट ने यात्रियों के रिकॉर्ड संख्या में आगमन को देखते गंगोत्री और यमुनोत्री धाम सहित यात्रा मार्गों एवं पड़ावों पर यात्री सुविधाओं व व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद बनाए रखने के लिए अधिकारियों को निरंतर जुटे रहने की हिदायत देते हुए कहा है कि यमुनोत्री पैदल मार्ग की व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जाए।

जिलाधिकारी ने यात्रियों की सुविधा व सुरक्षा को देखते हुए है कि यमुनोत्री पैदल मार्ग पर रोटेशन के आधार पर तय संख्या में ही घोड़े-खच्चर एवं डंडी का आवागमन सुनिश्चित करवाने के भी निर्देश जारी किए हैं। यमुनोत्री क्षेत्र के सुपर जोनल मजिस्ट्रेट अभिषेक त्रिपाठी अधिकारियों ने यमुनोत्री पैदल मार्ग पर यात्रा व्यवस्थाओं को दुरस्त बनाए रखने के लिए यात्री पंजीकरण केन्द्र, सूचना केन्द्र, घोड़ा पड़ाव, मेडिकल रिलीफ पोस्ट का निरीक्षण करने के साथ ही विभिन्न जगहों पर निर्मित पेयजल स्टेंड पोस्ट्स, वाटर एटीएम, एवं टॉयलेट्स का जायजा लिया। यमुनोत्री पैदल मार्ग पर साफ-सफाई को लेकर भी व्यवस्थाएं बढ़ाई गई हैं और गत दिन हुई बारिश के बाद अनेक जगहों पर रास्ते में आई मिट्टी की सफाई के लिए भी विशेष अभियान चलाया गया।

यमुनोत्री पैदल मार्ग पर तीन मेडिकल राहत पोस्ट यात्रियों की सहायता के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं और मार्ग पर यात्रियों की चिकित्सा आकस्मिकता की स्थिति में त्वरित सहायता प्रदान करने के लिए 30 प्रथम चिकित्सा उत्तरदाता (एफएमआर) भी तैनात किए गए हैं। इस पैदल मार्ग पर यात्रियों की सुरक्षा और सहायता के लिए पुलिस, होमगार्ड एवं पीआरडी के जवानों के साथ ही एसडीआरएफ एवं एनडीआरएफ के जवानों को भी तैनात किया गया है।

यमुनोत्री पैदल मार्ग पर संचालित होने वाले घोड़े-खच्चरों की स्वास्थ्य जांच व चिकित्सा के लिए जानकीचट्टी में पशु चिकित्सा विभाग की टीम तैनात की गई है और यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि किसी भी बीमार या अयोग्य अश्ववंश को यात्रा के लिए उपयोग में न लाया जाए। यमुनोत्री पैदल मार्ग पर घोड़े-खच्चरों के लिए उपयुक्त तापमान के पानी की व्यवस्था के लिए छह स्थानों पर गीजर की व्यवस्था की गई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Nitika

Related News