Lok Sabha Elections...उत्तराखंड की 5 सीटों पर कुल 55 प्रत्याशी आजमाएंगे भाग्य, नामांकन प्रक्रिया पूर्ण

Sunday, Mar 31, 2024 - 09:31 AM (IST)

 

देहरादूनः आगामी लोकसभा (लोस) चुनाव के प्रथम चरण में होने वाले मतदान के लिए उत्तराखंड की सभी पांचों सीटों पर नामांकन की प्रक्रिया शनिवार को पूर्ण हो गई। अपराह्न तीन बजे तक नाम वापसी के निर्धारित समय में अल्मोड़ा से निर्दलीय उम्मीदवार अर्जुन कुमार देव ने अपना नामांकन वापस लिया है। इस प्रकार अब प्रदेश की पांच लोकसभा निर्वाचन सीटों पर कुल 55 प्रत्याशी चुनावी मैदान में अपना भाग्य अजमाएंगे।

राज्य के अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी विजय कुमार जोगदंडे ने संवाददाताओं को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अब टिहरी सीट पर 11, पौड़ी गढ़वाल पर 13, अल्मोड़ा में सात, नैनीताल में 10 और हरिद्वार में 14 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। जोगदंडे ने कहा कि पर्वतीय राज्य की पांचों लोकसभा सीटों के लिए 19 अप्रैल को मतदान होगा और चार जून को मतदान के परिणाम घोषित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार, एग्जिट पोल के निष्कर्ष का प्रकाशन और प्रसारण करना सम्पूर्ण चुनाव प्रक्रिया के दौरान पूर्णत: प्रतिबंधित होगा। उन्होंने कहा कि 19 अप्रैल के सुबह सात बजे से लेकर एक जून शाम साढ़े छह बजे तक एग्जिट पोल का प्रकाशन और प्रसारण पर प्रतिबंध रहेगा।

वहीं इन प्रतिबंधों का सभी मीडिया हाउस को पालन सुनिश्चित करना होगा। इसके साथ ही, मतदान समाप्ति के 48 घंटे पूर्व से ओपिनियन पोल करना और उसके निष्कर्ष का प्रकाशन और प्रसारण करना भी पूर्णत: प्रतिबंधित होगा।

Nitika

Advertising