Lok Sabha Elections... ये हैं उत्तराखंड के पांच करोड़पति नेता,जो लड़ रहे हैं लोकसभा चुनाव

punjabkesari.in Monday, Apr 01, 2024 - 04:43 PM (IST)

देहरादूनः देश में लोकसभा चुनाव का खुमार चरम पर है। सभी पार्टियों के नेता कमर कस के अपने-अपने प्रत्याशियों के प्रचार-प्रसार में लगे हैं। बात अगर उत्तराखंड की करें तो लोकसभा चुनाव 2024 के लिए उत्तराखंड से 55 प्रत्याशी चुनावी समर में उतर चुकें है। इन 55 प्रत्याशियों में कुछ करोड़पति नेता भी शामिल हैं।

आज की इस रिपोर्ट में हम आपको उत्तराखंड के 5 ऐसे नेताओं के बारे में बताएंगे, जो करोड़पति हैं और लोकसभा चुनाव लड़ रहे है। ये नेता इतने करोड़पति हैं कि ये बिना पार्टी फंड के अपने बलबूते ही लोकसभा का चुनाव आसानी से लड़ सकते हैं। अमीर प्रत्य़ाशियों की लिस्ट में सबसे पहले नाम है टिहरी लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी माला राज्य लक्ष्मी शाह का। माला राज्य लक्ष्मी उत्तराखंड के 55 प्रत्याशियों में सबसे अमीर प्रत्याशी हैं। माला लक्ष्मी शाह के पास करीब 200 करोड़ की संपत्ति है। माला राज लक्ष्मी शाह के पास 6 करोड़ 96 लाख 26 हजार 415 रुपए की चल संपत्ति और 90 लाख रुपए की अचल संपत्ति है। साल 2019 में माला के पास 5 करोड़ 77 लाख 88 हजार 626 रुपए की चल और 90 लाख की अचल संपत्ति थी। इन पर साढ़े तीन करोड़ का लोन था। वर्तमान में ये लोन समाप्त हो चुका है। इसी क्रम में माला के पति के पास 46 करोड़ 08 लाख 24 हज़ार 676 रुपए चल संपत्ति और 3 करोड़ अचल संपत्ति के साथ 144.17 करोड़ रुपए की विरासती संपत्ति है। साल 2019 में माला के पति के पास 29 करोड़ 67 लाख 37 हज़ार 272 रुपए की चल संपत्ति और 143 करोड़ रुपए की अचल संपत्ति थी। इन पांच सालों में महारानी परिवार की संपत्ति में करीब 21 करोड़ 77 लाख रुपए की संपत्ति का इजाफा कर साढ़े तीन करोड़ का लोन भी चुकाया है।

अमीर प्रत्याशियों की लिस्ट में दूसरे नंबर पर हरिद्वार लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के बेटे वीरेंद्र रावत हैं, इनके पास भी करोड़ों की संपत्ति है। वीरेंद्र रावत के पास 20 लाख 20 हजार 212 की चल संपत्ति और 5 करोड़ 60 लाख 50 हजार रुपए की अचल संपत्ति है। इसके साथ ही वीरेंद्र रावत के पास एक करोड़ रुपए की विरासती संपत्ति भी है। वहीं, वीरेंद्र रावत की पत्नी के पास 70 लाख 72 हज़ार 643 रुपए की चल और 3 करोड़ 35 लाख रुपए की अचल संपत्ति है। वीरेंद्र परिवार के पास कुल 9 करोड़ 86 लाख 42 हजार 855 रुपए की संपत्ति है। वीरेंद्र रावत पर वर्तमान समय में करीब 95 लाख 25 हज़ार 685 रुपए का लोन है। अमीर प्रत्याशियों की लिस्ट में तीसरे नंबर पर हरिद्वार लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी एवं पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत हैं, इनके पास भी करोड़ों की संपत्ति हैं। त्रिवेंद्र सिंह रावत के पास 62 लाख 92 हजार 113 रुपए की चल संपत्ति, एक करोड़ 25 लाख 05 हज़ार 805 रुपए की अचल संपत्ति है। 2 करोड़ 76 लाख 94 हज़ार रुपए की विरासती संपत्ति भी उनके पास है। इसके अलावा त्रिवेंद्र पर 75 लाख का लोन भी है।

वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र की पत्नी के पास एक करोड़ 01 लाख 92 हजार 61 रुपए की चल और एक करोड़ 08 लाख 68 हजार 060 रुपए की अचल संपत्ति है। साल 2017 में त्रिवेंद्र के पास 50 लाख की चल और अचल संपत्ति और 50 लाख की विरासती संपत्ति थी। उनकी पत्नी के पास 2 लाख 80 हजार रुपए की चल और 28 लाख रुपए की अचल संपत्ति थी. साथ ही त्रिवेंद्र पर 11 लाख 59 हजार 238 रुपए का लोन था। यानी इन सात सालों में त्रिवेंद्र की संपत्ति में करीब 5 करोड़ 45 लाख रुपए का इजाफा हुआ है। इजाफा कैसे और कहां से हुआ इसकी जानकारी किसी के पास नहीं है।

अमीर प्रत्याशियों की लिस्ट में चौथे नंबर पर गढ़वाल लोकसभा सीट से प्रत्याशी एवं कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल हैं, इनके पास भी करोड़ों की संपत्ति हैं। गणेश गोदियाल के पास 31 लाख 62 हजार 567 रुपए की चल और 2 करोड़ 40 लाख 59 हजार 666 की अचल संपत्ति के साथ ही 12,000 की विरासती संपत्ति है। उनकी पत्नी के पास 32 लाख 67 हजार 906 रुपए की चल और 2 करोड़ 37 लाख 39 हजार 666 रुपए की अचल संपत्ति है। साल 2022 के दौरान गोदियाल के पास 6 लाख 94 हजार 952 रुपए की चल और पत्नी के पास 27 लाख 42 हजार 859 रुपए की चल संपत्ति थी। इसके साथ ही गोदियाल और उनकी पत्नी के पास सामूहिक रूप से 3 करोड़ 58 लाख 39 हजार रुपए की अचल संपत्ति थी। ऐसे में इन दो सालों के भीतर गोदियाल ने न सिर्फ अपनी पारिवारिक संपत्ति में करीब 1.5 करोड़ का इजाफा किया, बल्कि एक करोड़ 33 लाख 12 हजार 526 का लोन और 1 करोड़ 25 लाख 8 हजार 350 रुपए की सरकारी देनदारी भी समाप्त कर लिया।

अमीर प्रत्याशियों की लिस्ट में पांचवें नंबर पर हैं नैनीताल उधमसिंह नगर लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी एवं भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट। इनके पास 98 लाख 05 हज़ार 377 रुपए की चल और 20 लाख रुपए की अचल संपत्ति के साथ 6 लाख 39 हज़ार 800 रुपए की विरासती संपत्ति है। भट्ट की पत्नी के पास एक करोड़ 02 लाख 19 हजार 811 रुपए की चल और दो करोड़ 60 लाख 50 हजार रुपए की अचल संपत्ति है। साल 2019 में भट्ट के पास 69 लाख 98 हजार 359 रुपए की चल और 9 लाख रुपए की अचल के साथ 6 लाख 39 हज़ार 800 रुपए की विरासती संपत्ति थी। भट्ट की पत्नी के पास 86 लाख 56 हजार 789 रुपए की चल और 25 लाख 04 हजार 581 रुपए की अचल संपत्ति थी। यानी इन पांच सालो में भट्ट परिवार की कुल संपत्ति में करीब 2.90 करोड़ रुपए का इजाफा हुआ है।

इन आंकड़ों को देख एक बात तो साफ है कि नेता दिन पर दिन करोड़पति होते जा रहे है और आम जनता महंगाई और बेरोजगारी के तले दबती जा रही है। नेताओं की बढ़ी संपत्ति का सोर्स क्या क्या ये तो पता नहीं है। नेताओं की संपत्ति में इतनी जल्दी कैसे करोड़ों की बढ़त हो जाती है, आज तक सबके सोच से परे है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Nitika

Recommended News

Related News